आगरा में आधी रात सड़क धंसने से ‘पाताल’ का रास्ता खुला: बाइक गड्ढे में समाई, लोग बोले- स्पेस टेक्नोलॉजी

1666 Shares

धूलियागंज फुव्वारा क्षेत्र में बुधवार तड़के सड़क धंसने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। रात करीब तीन बजे अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे बैठ गया। देखते ही देखते सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और इसकी चपेट में एक बाइक तथा टोरेंट का बॉक्स भी आ गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर या वाहन चालक वहां मौजूद नहीं था। वरना जान-माल का नुकसान हो सकता था।

सुबह करीब छह बजे सड़क धंसने की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद आरती शर्मा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सड़क के नीचे बनी गहरी और खोखली जगह देखकर आसपास के लोग भी हैरान रह गए। पार्षद ने तत्काल नगर आयुक्त, टोरेंट और पुलिस को घटना की जानकारी दी और मौके पर संबंधित टीमों को भेजने की मांग की।

सड़क के गड्ढे में बाइक और टोरंट का बॉक्स।

सड़क के नीचे दिखा ‘पाताल’

सड़क धंसने के बाद नीचे काफी गहराई तक खाली जगह दिखाई देने लगी। ऐसा लग रहा था मानो सड़क के नीचे से जमीन ही गायब हो गई हो। हादसे में फंसी बाइक और टोरेंट का बॉक्स इस बात का अंदाजा देने के लिए पर्याप्त था कि धंसाव कितना बड़ा था। हालांकि, सड़क धंसने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पानी के रिसाव, पाइपलाइन में लीकेज या जमीन के भीतर मिट्टी के कटाव समेत अन्य पहलुओं की तकनीकी जांच जरूरी है।

‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ बताकर कसा तंज

अपूर्व शर्मा ने सड़क धंसने की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘स्पेस टेक्नोलॉजी’ का नजारा बताया। तस्वीर सामने आने के बाद लोगों ने सड़क के नीचे की स्थिति और भूमिगत पाइपलाइन की निगरानी को लेकर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *