सिंगर सौरिन भट्ट की मुश्किलें बढ़ीं! ओडिशा हाईकोर्ट ने हटाई अंतरिम राहत, गिरफ्तारी का रास्ता साफ

1882 Shares

अदालत के निर्देशों की बार-बार उपेक्षा करना गायक सौरिन भट्ट को महंगा पड़ गया।हाईकोर्ट ने उन्हें मिली अंतरिम सुरक्षा हटा दी है। साथ ही निचली अदालत में उनके आत्मसमर्पण को लेकर कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया है।कोर्ट ने गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट पर लगाई गई रोक भी हटा दी है।

सौरिन भट्ट पर एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और उससे लाखों रुपये ठगने के गंभीर आरोप हैं। इस संबंध में कटक महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी।

पुलिस के सामने नहीं हुए पेश

अंतरिम सुरक्षा मिलने के बाद भी सौरिन महिला थाने में पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए। पुलिस ने कई बार उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने उनके पैतृक घर पर नोटिस चस्पा किया। मामले की जांच में क्राइम ब्रांच की मदद भी ली गई और सौरिन के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।

2023 में जारी हुआ था गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट

सौरिन के खिलाफ वर्ष 2023 में गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसे चुनौती देते हुए वह दोबारा हाईकोर्ट पहुंचे। हाईकोर्ट ने गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट पर रोक लगाते हुए उन्हें निचली अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। उन्हें 20 अगस्त को आत्मसमर्पण करना था, लेकिन वह अदालत के निर्देश का पालन करने नहीं पहुंचे।

कोर्ट ने जताई नाराजगी

सौरिन के आत्मसमर्पण नहीं करने पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट पर लगाई गई रोक हटाते हुए उनके खिलाफ कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया है। अब सौरिन की गिरफ्तारी का रास्ता भी साफ हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *