दिल्ली के कंझावला में पुलिस मुठभेड़, नीरज बवानिया गिरोह का शार्प शूटर गिरफ्तार; 5 विदेशी हथियार बरामद

8.8kViews
1943 Shares

कंझावला थाना क्षेत्र के लाडपुर गांव स्थित आनंद वाटिका के पास मंगलवार रात एसटीएफ (रोहिणी) और नीरज बवानिया-नवीन बाली गिरोह के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।

पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरोह के शार्प शूटर राहुल सहरावत उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी राहुल डबास उर्फ आरडीएक्स उर्फ बलराम पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश अत्याधुनिक अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आनंद वाटिका के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने जाल बिछाकर घेराबंदी की।

फरार राहुल डबास की तलाश तेज

पुलिस टीम को देखते ही दोनों आरोपितों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में एक राउंड फायर किया और राहुल सहरावत को दबोच लिया, जबकि राहुल डबास भाग निकला।

मुठभेड़ में बदमाशों की एक गोली पुलिस वाहन में और दो गोलियां पास में खड़ी हुंडई आई-20 कार में लगीं। इस दौरान किसी पुलिसकर्मी या आरोपित को चोट नहीं आई। पुलिस ने मौके से जिगाना और ग्लॉक पिस्टल सहित पांच अवैध हथियार तथा 18 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फरार राहुल डबास की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *