मध्य प्रदेश: कीमती पत्थर की अफवाह पर टाइगर रिजर्व में उमड़े हजारों ग्रामीण, पुलिस पर भारी पथराव

8.2kViews
1674 Shares

मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी स्थित ग्राम पंचायत सिंगपुर गंजन के राजा बाबा जंगल में करीब दो हजार ग्रामीण कीमती पत्थर, गुरिया, जवाहरात की खुदाई करने पहुंच गए।

ये छोटे-बड़े समूहों में पूरे जंगल में बिखरकर गैती, सब्बल जैसे उपकरणों से खोदाई में लगे। शनिवार को रोकने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें एक प्रधान आरक्षक घायल हो गया, वहीं पुलिस वाहन का कांच टूट गया।

सिंगपुर गंजन से लगे गांव राजा बाबा सिद्ध क्षेत्र के जंगल में कीमती पत्थर मिलने की अफवाह पिछले 10 दिनों से उठी है। रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने पिछले दिनों कुछ समूहों को यहां से भगाया था, लेकिन वे अधिक संख्या में लौट आए।

शनिवार को थाना प्रभारी हरिराम मानकर पुलिस टीम के साथ पहुंचे और लोगों को हटाने लगे। इससे भड़के ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। एसडीएम पुलिस बल के साथ पहुंचे तब तक ग्रामीण भाग चुके थे।

गांव के सरपंच कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि राजा बाबा के जंगल में पिछले 10 दिन से दो हजार से अधिक लोग विभिन्न गांव से आकर यहां खुदाई कर रहे हैं।

अफवाह है कि यहां बहुमूल्य पत्थर, कंकड़ और कई प्राचीन लोहे से बनी सामग्रियां, सोने की मालाएं मिल रही हैं। पूरे जंगल में जगह-जगह टोलियों में ग्रामीण फैले हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *