बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में आज अमृतसर बंद का आह्वान, शांतिपूर्ण समर्थन की अपील
बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को अमृतसर बंद का आह्वान किया गया है। डॉ. बी.आर. अंबेडकर भलाई मंच और भगवान वाल्मीकि शक्ति दल के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज ने शहरवासियों, व्यापारियों और दुकानदारों से बंद को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
डॉ. बी.आर. अंबेडकर भलाई मंच के चेयरमैन ओम प्रकाश अनारिया तथा भगवान वाल्मीकि शक्ति दल के चेयरमैन डॉ. जैमल सिंह वडाला ने संयुक्त रूप से कहा कि बरनाला की घटना को लेकर समाज में गहरा रोष है।
उनका आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया तथा महिलाओं के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। नेताओं ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग सरकार तक पहुंचाना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

