लगातार हो रही तेज वर्षा के बीच सोमवार सुबह जिले में दो स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सोनूघाट-महुआनी मार्ग पर भंडारी चौराहा और पड़री रेलवे ढाला के बीच विशाल पेड़ गिर जाने से छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन बंद हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार पेड़ रात करीब दो बजे गिरा था, लेकिन सुबह तक उसे हटाने के लिए वन विभाग या पुलिस प्रशासन की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। मार्ग अवरुद्ध होने से राहगीरों के साथ स्कूली वाहन और छात्रों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, जनपद सीमा पर करौंदी-देवरिया मार्ग पर सरौरा चौराहा और बैजनाथ चौराहा के बीच भी सुबह पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
वन क्षेत्राधिकारी अनुपमा मौर्य ने बताया कि घटना की जानकारी पहले नहीं थी। सूचना मिलने के बाद संबंधित वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया है और जल्द से जल्द पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

