लखनऊ हत्याकांड: पत्नी के प्रेमी को पति ने बाराबंकी में पीट-पीटकर मार डाला था, साथी संग गिरफ्तार

5.2kViews
1783 Shares

 सआदतगंज से एक माह पहले लापता हुए 18 वर्षीय मो. सैफ की गुमशुदगी के पीछे प्रेम प्रसंग, अविश्वास और बदले की ऐसी कहानी छिपी थी, जिसमें एक युवक की जान चली गई और परिवार अपने बेटे का आखिरी चेहरा तक नहीं देख सका। पुलिस जांच में सामने आया कि सैफ की मौत कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि उसे रास्ते से हटाने की सोची-समझी साजिश का नतीजा थी।

यह है पूरा मामला

इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्या ने बताया कि आरोपित मुस्कान उर्फ सैय्यद आफरीन एक बार में नाचने-गाने का काम करती थी। उसकी शादी सुमित उर्फ गोलू से हुई थी और दोनों सआदतगंज इलाके में रहते थे। इसी दौरान मुस्कान की नजदीकियां मो. सैफ से बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।

जब सुमित को पत्नी और सैफ के रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने मुस्कान से तलाक लेने की बात कही। इस पर मुस्कान ने सैफ को अपने जीवन से अलग न करने बल्कि उसे रास्ते से हटाने की बातें कहीं। इसके बाद सुमित ने ही सैफ को ठिकाने लगाने की साजिश रच डाली।

प्लानिंग के तहत एक किशोर को सैफ के करीब किया गया। किशोर ने उससे दोस्ती बढ़ाई और 15 जून को घूमने के बहाने बाइक से बाराबंकी ले गया। वहां पहले से मौजूद सुमित और मुस्कान ने सैफ के साथ मारपीट की। इसी दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोप है कि तीनों उसे वहीं तड़पता छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद राहगीरों ने युवक को सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। बाराबंकी पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिलने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी और कई दिन तक इंतजार के बाद पुलिस ने अज्ञात शव मानकर अंतिम संस्कार करा दिया। इस तरह परिवार अपने बेटे का अंतिम दर्शन तक नहीं कर सका।

उधर, लखनऊ में पिता आसिफ ने 17 जून को बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सआदतगंज पुलिस और पश्चिमी सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की तो पूरी साजिश का राजफाश हो गया।

इसके बाद हत्या, साक्ष्य छिपाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सोमवार को मुस्कान और उसके पति सुमित को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को संरक्षण में लिया गया है। इंस्पेक्टर के अनुसार, दंपती के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *