बिहार में भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, हर गतिविधि पर पुलिस-एसएसबी की पैनी नजर

1293 Shares

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस और एसएसबी ने अपनी चौकसी और तेज कर दी है।

सीमा पार से होने वाली तस्करी, अवैध घुसपैठ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस जिला बगहा के गोबरहिया थाना क्षेत्र में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।

एसपी के निर्देश पर चला अभियान

यह संयुक्त अभियान पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर चलाया गया। गोबरहिया थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती गांवों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल और वाहन से गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

संवेदनशील मार्गों पर रही कड़ी नजर

संयुक्त टीम ने नेपाल सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों, पगडंडियों और अन्य संवेदनशील स्थलों का गहन निरीक्षण किया। गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

ग्रामीणों को किया जागरूक

अभियान के दौरान पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती गांवों के लोगों से संवाद स्थापित किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या तस्करी, अवैध घुसपैठ अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों ने कहा कि आम लोगों का सहयोग सीमा सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीमा सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्त नियमित रूप से जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध, तस्करी, अवैध घुसपैठ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं, ताकि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *