मुंबई-गुजरात में मानसून का कहर, राजस्थान और हिमाचल में खूब बरसे बादल; आज दिल्ली-यूपी में कैसा रहेगा मौसम

8.8kViews
1507 Shares

 दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही शुक्रवार को राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में जमकर वर्षा हुई, लेकिन उत्तर प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ता दिखा।

राज्य के 50 से अधिक जिलों में छिटपुट वर्षा हुई है। वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलस गए। आज दिल्ली एनसीआर में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में भी वर्षाजनित हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। प्रेट्र के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ‘अल नीनो’ प्रभाव के कारण देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश और “संभावित सूखे की स्थिति” से उत्पन्न हालात पर लगातार नजर रख रही है।

गुजरात के राजकोट और सूरत में बारिश के कारण जलभराव

कृषि और अन्य संबंधित मंत्रालयों को “सतर्क” रहने का निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी हुई है। गुजरात के राजकोट और सूरत में बारिश के कारण जलभराव हो गया।

लखनऊ समेत 50 से अधिक जिलों में अगले तीन दिन तक केवल छिटपुट बारिश, धूप और उमसभरी गर्मी का असर रहने की संभावना है। छह जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने और सात व आठ जुलाई को प्रदेशभर में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

शुक्रवार को सबसे अधिक 99.8 मिमी वर्षा कानपुर में रिकॉर्ड की गई। इससे कई इलाकों में जलभराव के कारण करीब सात घंटे तक यातायात बाधित रहा। दुकानों और कार्यालयों में पानी भर गया। एक चार मंजिला अपार्टमेंट के बेसमेंट में पानी भरने से जमीन धंस गई और इमारत टेढ़ी हो गई।

80 फीट रोड सहित कई सड़कों पर धंसाव हुआ, पेड़ उखड़ गए और फूलबाग में आर्डिनेंस फैक्ट्री की दीवार भी गिर गई। कश्मीर घाटी में अमरनाथ यात्रा के दो बेस कैंप, बालटाल और नुनवान में सुबह-सुबह बारिश हुई, जबकि ऊंचे इलाकों में भी रुक-रुक कर बारिश होती रही।

जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भरा पानी

राजस्थान में करीब एक सप्ताह की देरी से पहुंचे मानसून ने गुरुवार रात से शुक्रवार तक जोरदार दस्तक दी। 22 जिलों में जमकर वर्षा हुई।

भीलवाड़ा, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में करीब ढाई इंच वर्षा दर्ज की गई। डूंगरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे भाई झुलस गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भी बारिश का पानी ट्रामा सेंटर और माइनर ऑपरेशन थिएटर में भर गया। जलभराव के कारण माइनर ओटी के मरीजों को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित करना पड़ा। लगातार बारिश से दिन के तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मुंबई में पांच घंटे में 70 मिमी से अधिक बारिश

मुंबई में शुक्रवार को लगातार बारिश जारी रही। शहर के कई क्षेत्रों में केवल पांच घंटे में 70 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अगले 24 घंटों में तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में हुई। इसके बाद प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

आइएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है और बीच-बीच में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *