बिहार-एमपी और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का एलान, 30 जुलाई को वोटिंग; 3 अगस्त को नतीजे
निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई 2026 को वोट डाले जाएंगे, जबकि 3 अगस्त 2026 को नतीजों की घोषणा होगी।
इन 3 सीटों पर होंगे उपचुनाव
जिन-जिन विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव के तारीखों का एलान किया है, उनमें बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट शामिल है।
समझिए क्यों कराने पड़ रहे उपचुनाव?
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई है। वहीं गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के निधन के कारण खाली हुई थी।
चुनाव आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के नियमों के तहत इन खाली सीटों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चुनाव आयोग जल्द ही इसके लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसमें नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच करने और नाम वापस लेने की आखिरी तारीखों की पूरी जानकारी दी जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

