नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एचएसएनसीबी यूनिट रोहतक और थाना खरखौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन युवकों को 1 किलो 41 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किए हैं। मामले में थाना खरखौदा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार एएसआई रोहताश अपनी टीम के साथ बुधवार तड़के क्षेत्र में गश्त व नशीले पदार्थों की जांच अभियान पर थे। इसी दौरान बरोणा चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि तुर्कपुर निवासी विनय, रोलद निवासी राहुल और कवाली निवासी मनीष मोटरसाइकिल पर चरस लेकर दिल्ली रोड से पाई माइनर की तरफ पहुंचने वाले हैं और वहां इसकी सप्लाई की जानी है।
सूचना पाकर पुलिस ने की घेराबंदी और…
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें काबू कर लिया। इसके बाद नियमानुसार तीनों को नोटिस देकर राजपत्रित अधिकारी के समक्ष तलाशी की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
पुलिस ने बताया कि एसीपी खरखौदा जोगेंद्र शर्मा की मौजूदगी में तलाशी ली गई। जांच के दौरान राहुल के कब्जे से एक काले रंग के बैग में रखी 1 किलो 41 ग्राम चरस बरामद हुई। वहीं अन्य दोनों आरोपितों और मोटरसाइकिल से कोई अन्य नशीला पदार्थ नहीं मिला।
बरामद चरस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर सील किया गया। थाना खरखौदा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

