सीमा पर एक मकान में संचालित पतंजलि आयुर्वेद के स्टोर में 2340 शीशी प्रतिबंधित कोडीन सिरप, कैप्सूल व टेबलेट पुलिस और औषधि प्रशासन ने बरामद किया है।
बरामद सिरप को सीज कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की कार्रवाई से अन्य लोगो में हलचल मच गई है।
सरकार ने कोडीनयुक्त सिरप बिक्री करने पर प्रतिबंध लगा रखा है। बावजूद इसके जिले में भारी मात्रा में सिरप दूसरे जिलों से आ रही है और उसकी बिक्री भी धड़ल्ले से की जा रही है।
इसकी जानकारी होने पर सोमवार देर शाम को रुपईडीहा के स्टेशन रोड निवासी आदित्य कुमार मिश्रा के यहां औषधि निरीक्षक विनय कृष्णा, थानाध्यक्ष रमेश सिंह रावत, उपनिरीक्षक राहुल सरोज ने संबंधित मकान में छपेमारी की।
बंद दरवाजे को कटर से काटकर खोला गया तो पंतजलि के आयुर्वेदिक स्टोर से 2349 शीशी सिरप, प्रतिबंधित 12145 पीस ट्रामाडाेल कैप्सूल, निट्राजेट पीएम टेबेल चार किलो, निट्राजोहम 698 टेबलेट, एल्फ्राजोल 509 टेबलेट और अन्य नशीली दवाओं को बरामद किया।
बरामद सामान को टीम ने सीज कर दिया है। आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि काफी समय से आयुर्वेदिक दुकान में प्रतिबंधित अंग्रेजी सिरप व नशीली दवाओं के बिक्री की सूचना मिल रही थी।
जिस पर टीम ने छापेमारी की। वहीं दवा कारोबार में लगे एक अन्य युवक की तलाश की जा रही है। वह मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।


