फरीदाबाद में बैनर-पोस्टर लेकर निकले बच्चे, कुत्तों के आतंक से बचाने की मांग की

3.8kViews
1036 Shares

आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान सेक्टर-70 स्थित मलबरी काउंटी सोसायटी के लोगों ने शनिवार को डाग फीडर्स और बिल्डर के खिलाफ रोष जताया। छोटे-छोटे बच्चे बैनर और पोस्टर लेकर एकसाथ निकले तथा कुत्तों के आतंक से बचाने की मांग की।

जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और नगर निगम से आरडब्ल्यूए व निवासियों की शिकायत के बाद सोसायटी के आठ कुत्तों को उठाया गया है।लोगों ने इन कुत्तों को दोबारा सोसायटी में नहीं छोड़ने की मांग की है।

सोसायटी की आरडब्ल्यूए प्रधान डाली उपाध्याय, सचिव नितिन गर्ग, निवासी विमल उपाध्याय और मनीष गुप्ता ने बताया कि कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है।

सोसायटी में 32 से अधिक कुत्ते हैं। कुत्तों के हमले के हर महीने दस से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को दस वर्षीय पार्थ पर चार-पांच कुत्तों ने हमला दिया था। उसे नीचे दबा लिया और पंजों व दांतों से उसे नोंचना शुरू कर दिया।

पार्थ की चीख सुनकर कुछ लोग दौड़कर पहुंचे और काफी मुश्किल से उसे कुत्तों से छुड़ाया था। पार्थ का निजी अस्पताल में इलाज कर रहा है। इससे अन्य बच्चों में भी भय का माहौल है।

कुत्तों के आतंक को रोको, बच्चों को प्रदान करें सुरक्षित माहौल

सोसायटी में बच्चे बैनर और पोस्टर लेकर एकत्रित हुए। जिसपर संदेश लिखा था कि कुत्तों को सोसायटी के बाहर किया जाएगा। जिससे बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके। इस दौरान स्थानीय निवासी और आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि डर के कारण बच्चे और बुजुर्ग अकेले पार्क, पार्किंग एरिया और बेसमेंट में जाने से डरने लगे हैं। सोसायटी के ही कुछ लोग बेसहारा कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर खाना खिलाते हैं।

डॉग पॉलिसी की पालना नहीं करते हैं। यह लोग नगर निगम द्वारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई भी नहीं करने देते हैं, जिसकी वजह से इस तरह की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

इस संबंध में बिल्डर और एस्टेट मैनेजर से भी कई बार शिकायत की गई है, लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही है। कुत्ते के हमले की घटना के बाद लोग सहमे हुए हैं।

लोगों की शिकायत के बाद सोसायटी से आठ कुत्तों को उठाया गया है। सभी आवारा कुत्तों का बंध्याकरण कराया जाएगा।
-नीतिश परवाल, एमओएच, नगर निगम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *