साइकिल उद्योग को नई उड़ान देने का समय, पंजाब गवर्नर कटारिया बोले- वैश्विक बाजार में भारत की बढ़ रही पहचान

5.3kViews
1763 Shares

आल इंडिया साइकिल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) द्वारा पार्क प्लाजा में आयोजित अवार्ड समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने शिरकत की। समारोह के दौरान साइकिल उद्योग की प्रगति और विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में साइकिल उद्योग से जुड़े प्रमुख कारोबारी, उद्यमी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रधान ऋषि पाहवा ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 भारतीय साइकिल उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में राहत और विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के चलते उद्योग के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका सहित कई बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजार भारतीय साइकिल उद्योग के लिए खुल रहे हैं, जिससे निर्यात में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ी हैं।

कार्यक्रम में मौजूद साइकिल इंडस्ट्री से जुड़े लोग।

मेक इन इंडिया में साइकिल इंडस्ट्री का योगदान

ऋषि पाहवा ने कहा कि देश अब आयात पर निर्भरता कम कर ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मांग की कि साइकिल को भारत की मोबिलिटी पॉलिसी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाए, ताकि पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिल सके और उद्योग को नई गति मिले।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान करना बेहद आवश्यक है। इससे न केवल सम्मानित व्यक्तियों का उत्साह बढ़ता है, बल्कि अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे दौर में साइकिल एक बार फिर प्रभावी और टिकाऊ समाधान के रूप में सामने आ रही है।

90% साइकिल लुधियाना में होती है तैयार

कटारिया ने कहा कि देश में बनने वाली लगभग 90 प्रतिशत साइकिलों का निर्माण लुधियाना में होना गर्व की बात है। उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी साइकिल लेन विकसित की जानी चाहिए ताकि लोग सुरक्षित रूप से साइकिल का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग साइकिल अपनाते हैं तो तेल की खपत में कमी आएगी और स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च भी घटेगा।

उन्होंने नागरिकों से ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई के लिए कारोबारियो को आगे आने को कहा।

उद्योग के लिए सबसे बेहतर नीतियां लागू

पंजाब उद्योग मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि साइकिल हर व्यक्ति के जीवन की शुरुआती जरूरतों में शामिल रही है और इसका हमारे जीवन से गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि लुधियाना का देश के कुल साइकिल उत्पादन में लगभग 90 प्रतिशत योगदान पंजाब के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार ने उद्योगों के लिए अब तक की सबसे बेहतर औद्योगिक नीतियां लागू की हैं और राज्य सरकार साइकिल उद्योग की प्रगति तथा विस्तार के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह के अंत में सम्मानित उद्योगपतियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में साइकिल उद्योग के भविष्य, निर्यात संभावनाओं और सतत विकास को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *