शुभमन गिल के दोस्‍त को ऑस्‍ट्रेलिया टीम में मिली जगह, 62 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए तैयार निखिल चौधरी

 बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्‍ट्रेलिया ने दिल्ली में जन्मे और अब तक कोई इंटरनेशनल मैच न खेलने वाले स्पिनर निखिल चौधरी को अपनी टीम में शामिल किया है। ट्रेविस हेड के निजी कारणों से छुट्टी लेने के बाद 30 साल के चौधरी को कंगारू टीम में जगह मिली।

बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज के लिए चुने जाने के बाद BBL में होबार्ट हरिकेंस के ऑलराउंडर निखिल 62 सालों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्‍व करने वाले भारत में जन्मे पहले खिलाड़ी बन गए हैं। IPL में दिल्ली कैपिटल्स के साथ खेलने के बाद अभी बेल्जियम में EUT20 टूर्नामेंट में JB ब्रुजेस के लिए खेल रहे चौधरी शुक्रवार को ढाका में ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ेंगे।

टूटेगा सालों पुराना रिकॉर्ड

अगर निखिल प्‍लेइंग 11 में चुने जाते हैं तो 1964 में लेग-स्पिनर रेक्स सेलर्स के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले भारत में जन्मे पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। ऑस्‍ट्रेलिया के स्‍क्वॉड में जोएल डेविस और एरॉन हार्डी जैसे स्पिनर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर टोनी डोडेमेड को भरोसा है कि अगर यह बॉलिंग ऑलराउंडर अंतिम 11 में चुने जाते हैं, तो अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।

सेलेक्‍टर ने क्‍या कहा

डोडेमेड ने कहा, “निखिल कुछ समय से नेशनल लेवल पर चर्चा में रहे हैं। वह इस दौरे के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ी थे, ब्रिस्बेन में प्री-सीजन कैंप में टीम के साथ जुड़े थे और अब ट्रेविस हेड की जगह टीम में शामिल हो रहे हैं। पैनल उनके BBL फॉर्म, खासकर पिछले सीजन के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुआ है, जिसके चलते उन्हें टीम में शामिल किया गया है। वह इस साल IPL में दिल्ली कैपिटल्स टीम का भी हिस्सा रहे हैं।”

भज्‍जी-गिल के साथ खेले हैं

दिल्ली में जन्मे चौधरी ने पंजाब टीम के लिए हरभजन सिंह, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के साथ 14 लिमिटेड-ओवर्स मैच खेले हैं और IPL टीम मुंबई इंडियंस के साथ ट्रॉयल भी दिया है। वह क्वींसलैंड में अपने चाचा से मिलने गए थे, तभी कोरोना के कारण इंटरनेशनल बाउंड्री बंद हो गईं। इसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ही अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

ऑस्ट्रेलिया का T20I स्क्वॉड

मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कोनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरन हार्डी, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, एडम जैम्पा।

सीरीज का शेड्यूल

तीन मैचों की T20I सीरीज के सभी मैच चट्टोग्राम में खेले जाएंगे। जिसका पहला मैच 17 जून को होगा। दूसरा T20I 19 जून को खेला जाएगा, जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 21 जून को होगा।

  • पहला टी20: 17 जून
  • दूसरा टी20: 19 जून
  • तीसरा टी20: 21 जून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *