मणिकर्ण में बड़ा हादसा! फोटो खिंचवाते समय नदी में बहे पंजाब के 3 पर्यटक, तीसरे को बचाने में छूटे पसीने

6.3kViews
1659 Shares

हिमाचल प्रदेश घूमने आए पंजाब के पर्यटक फोटो खिंचवाते हुए नदी में बह गए। पंजाब से एक ही परिवार के तीन सदस्य मणिकर्ण गुरुद्वारा साहिब घूमने आए थे, जो नदी किनारे फोटो खिंचवाते समय तेज बहाव में बह गए। हालांकि स्थानीय लोगों और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से तीनों को निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार यह परिवार गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने के बाद नदी किनारे फोटो खिंचवाने गया था। इसी दौरान वे नदी के अत्यधिक करीब पहुंच गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते परिवार के तीनों सदस्य पानी में बहने लगे।

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान दो पर्यटक कुछ दूरी पर किनारे लग गए, जिन्हें लोगों ने तुरंत निकाल लिया। इसके अलावा तीसरे को बचाव दल ने सुरक्षित निकाला।

बचाव दल ने बरती तत्परता

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान तीनों पर्यटकों को कुछ दूरी पर पानी से बाहर निकाल लिया गया। प्रारंमिक जांच में सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कुल्लू पुलिस ने इस घटना के बाद सभी पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

पुलिस ने जारी की एडवायजरी

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में फोटो या वीडियो बनाने के लिए नदी किनारे जोखिम उठाना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने पर्यटकों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *