पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती जारी है। रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बहुमत हासिल कर लिया है और ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधानसभा चुनाव 2026 में पिछड़ती नजर आ रही है।
पश्चिम बंगाल में जारी वोटों की गिनती के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि आज सोमवार को राज्य में उम्मीदवारों को जीत का जश्न मनाने के लिए किसी भी रैली की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जीत के बाद भी नहीं निकाल सकते रैली
पश्चिम बंगाल CEO मनोज अग्रवाल ने कहा कि राज्य में अभी 293 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती चल रही है, इसलिए किसी भी उम्मीदवार को जश्न मनाने के लिए रैली करने की अनुमति नहीं है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ‘हमने सभी DM को निर्देश दिया है कि आज किसी भी विजय रैली की अनुमति न दें। इन विजय जुलूसों की अनुमति कल से दी जाएगी।’
मनोज अग्रवाल ने कहा, ‘हम चुनाव के बाद किसी भी हिंसा को नहीं चाहते हैं और सभी से शांत रहने और शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। राजनीतिक दलों को विजय रैलियां निकालने के लिए स्थानीय पुलिस स्टेशनों से अनुमति लेनी होगी।’
बंगाल में हिंसा की कोई घटना नहीं’
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आगे बताया, ‘हिंसा की कोई घटना नहीं हुई है। बंगाल में कहीं से भी चुनाव से जुड़ी किसी मौत की खबर नहीं मिली है।’
विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने दिन में पहले पत्रकारों को बताया कि चुनाव आयोग उन शिकायतों की जांच कर रहा है कि विभिन्न दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे थे।


