लिक्विड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) के कमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़ने के बाद रेस्टोरेंट में 10 से 15 प्रतिशत तक खाना महंगा होने जा रहा है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की कार्यकारिणी समिति की रविवार रात फतेहाबाद रोड स्थित होटल ताज ईस्ट में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी।
रेस्टोरेंट संचालक नए मेन्यू कार्ड तैयार कराएंगे, जिसमें व्यंजनों के बढ़े हुए रेट छपे होंगे। इससे ग्राहकों से विवाद की आशंका नहीं रहेगी।
आगरा में ताजमहल देखने पर्यटक अच्छी संख्या में आते हैं। पर्यटकों और स्वाद के शौकीनों की वजह से यहां दो हजार से अधिक रेस्टोरेंट, ढाबे आदि हैं।
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद रेस्टोरेंट संचालकों को व्यावसायिक सिलिंडरों की कमी का सामना करना पड़ा था। इसके चलते उन्होंने मेन्यू में से ऐसे व्यंजन हटा दिए थे, जिनके पकने में अधिक समय लगता है।
जनवरी से अब तक कमर्शियल सिलिंडर के मूल्य में लगभग 1480 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। रेस्टोरेंट संचालकों की लागत इससे कई गुणा बढ़ गई है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि ताज ट्रेपेजियम जोन में एलपीजी ही रेस्टोरेंट संचालकों के लिए ईंधन है।
यहां लकड़ी व कोयला नहीं जलाया जा सकता है। रेस्टोरेंट के खाने में 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि करना मजबूरी है। बैठक में संजीव जैन, संदीप अरोड़ा, नंदू गुप्ता, राजेश कालिया, संजीव भारती आदि मौजूद रहे।


