शादी के जाम से मिलेगा छुटकारा? गाजियाबाद पुलिस खंगालेगी बैंक्वेट हॉल के नक्शे; अवैध निर्माण पर होगा एक्शन

शादी के सीजन में शहर में लगने वाले जाम की असली वजह अब सामने लाई जाएगी। यातायात पुलिस ने जीडीए से शहर के सभी फार्म हाउस, बैंक्वट हाल और होटलों के स्वीकृत नक्शे मांगे हैं, ताकि यह जांच की जा सके कि जिन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था पास कराई गई थी, वहां कहीं निर्माण कर पार्किंग खत्म तो नहीं कर दी गई।

पुलिस का मानना है कि कई समारोह स्थलों ने पार्किंग की जगह पर अतिरिक्त निर्माण कर लिया है, जिससे मेहमानों के वाहन सड़क पर खड़े होते हैं और जाम की स्थिति बनती है। नक्शों के मिलान से यह स्पष्ट होगा कि नियमों का उल्लंघन कहां-कहां हुआ है और किस हद तक पार्किंग व्यवस्था खत्म की गई है।

यातायात पुलिस ने छह माह पूर्व सभी बैंक्वट हाॅल, फाॅर्म हाउस और होटल संचालकों को निर्देश दिए थे कि वे अपने यहां होने वाले हर समारोह की जानकारी ईमेल के माध्यम से दें, ताकि ट्रैफिक प्लानिंग बेहतर तरीके से की जा सके। इस निर्देश का कितना पालन हुआ इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शादियों के सीजन में जाम से कोई राहत नहीं मिली।

बीते दिनों दोबारा संचालकों को आयोजनों की सूचना दो दिन पहले देने का आदेश दिया गया है। अब पुलिस नक्शों के आधार पर कार्रवाई की तैयारी में है। जिन स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था नहीं पाई जाएगी या स्वीकृत नक्शे से छेड़छाड़ सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। शहर में 200 से ज्यादा फाॅर्म हाउस, बैंक्वट हाॅल एवं होटल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *