राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरडिहां गांव निवासी युवक के खाते से संदिग्ध लेनदेन का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर थाना में तहरीर देकर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात निवासी सौरभ सिंह पुत्र प्रमोद सिंह के खिलाफ आइटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोरडिहां निवासी सोनू पुत्र मखाडू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 अप्रैल को उसे स्टेट बैंक रॉबर्ट्सगंज से नोटिस मिली। इसमें उसके खाते में भारी लेनदेन की जानकारी दी गई थी। बैंक पहुंचकर जानकारी करने पर पता चला कि खाते से लाखों रुपये का लेनदेन हुआ है, जबकि उसने ऐसा कोई लेनदेन नहीं किया। पीड़ित का आरोप है कि गांव के निवासी इलाहाबाद में नौकरी करने वाले अनुपम सिंह के यहां आने-जाने वाले सौरभ सिंह ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसका आधार और पैन कार्ड लिया था।
उसी के आधार पर बैंक खाता खुलवाकर दुरुपयोग किया। उसने बताया कि इसी तरह अनुपम सिंह व उनके परिवार के दस्तावेजों का भी इस्तेमाल किया गया। वहीं आरोपित पक्ष की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


