हिसार के रायपुर रेलवे स्टेशन से चंडीगढ़ के लिए शुरू की गई ट्रेन को करीब एक साल पूरा हो गया है, लेकिन अब तक इस ट्रेन का अपेक्षित लाभ यात्रियों को नहीं मिल पाया है। इस ट्रेन में आज भी उतने ही यात्री सफर कर रहे हैं, जितने शुरुआत में करते थे।
वर्तमान में भी इस ट्रेन में एक बार में महज 20 से 25 यात्री ही इस सफर कर रहे हैं। यह ट्रेन दो मई 2025 में बड़े जोर-शोर के साथ शुरू की गई थी। उस समय विधायक सावित्री जिंदल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया था।
हिसारवासियों की वर्षो पुरानी मांग पूरी होने पर उम्मीद जताई जा रही थी कि इससे हिसार और आसपास के लोगों को चंडीगढ़ आने-जाने में सुविधा मिलेगी, लेकिन यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ सकी। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन का समय रात करीब 2:30 बजे होने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।
चंडीगढ़ ट्रेन को रायपुर स्टेशन से चलाया जा रहा है, जो यात्रियों की कम संख्या का एक प्रमुख कारण है। हिसार बस स्टैंड से रायपुर रेलवे स्टेशन करीब 10 किलोमीटर दूर बीएसएफ कैंप के पास स्थित है। शहर से स्टेशन तक सफर करने में करीब आधा घंटा लग जाता है।
वहीं रायपुर स्टेशन तक जाने वाला रास्ता सुनसान होने के कारण भी लोग इस ट्रेन का कम उपयोग कर रहे हैं। देर रात सुनसान रास्ते पर वारदात होने का डर बना रहता है, क्योंकि इस एरिया में पहले भी रात के समय कई आपराधिक मामले सामने आ चुके है। जिसके चलते यात्री इस ट्रेन से सफर करने से कतराते हैं।
ट्रेन को हिसार रेलवे स्टेशन से चलाने की मांग
हिसार रेल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आकाश ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से इस ट्रेन को रायपुर की बजाय हिसार रेलवे स्टेशन से संचालित करने की मांग रेलवे अधिकारियों से की गई है।
क्योंकि शहर के बीच स्थित होने के कारण वहां 24 घंटे यात्रियों की आवाजाही रहती है और सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अधिक सुविधाजनक रहेगा, साथ ही ट्रेन में यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।
यह है ट्रेन का शेड्यूल
यह ट्रेन रायपुर हिसार से रात 2:25 बजे रवाना हाेती है। यह आगे बरवाला (2:43 बजे), उकलाना (2:58 बजे), जाखल (3:40-3:50 बजे), नरवाना (4:20-4:35 बजे), कैथल (5:00 बजे), कुरुक्षेत्र (5:45-6:00 बजे), अम्बाला (7:20-7:30 बजे), चंडीगढ़ (8:55-9:03 बजे), मोहाली (9:16 बजे), रोपड़ (10:26 बजे), नंगल डैम (11:35 बजे), ऊना हिमाचल (11:58 बजे) होते हुए दोपहर 12:40 बजे अंब अंदौरा पहुंचती है।
इस तरह वापसी में यह ट्रेन अंब अंदौरा से दोपहर तीन बजे चलती है और ऊना हिमाचल (3:28 बजे), नंगल डैम (4 बजे), रोपड़ (5:02 बजे), मोहाली (6:01 बजे), चंडीगढ़ (6:25-6:35 बजे), अंबाला (7:25-7:35 बजे), कुरुक्षेत्र (8:15-8:20 बजे), कैथल (8:56 बजे), नरवाना (9:50-9:55 बजे), जाखल (11:15-11:20 बजे), उकलाना (11:56 बजे), बरवाला (12:18 बजे) होते हुए रात 1:05 बजे रायपुर पहुंचती है।


