पंजाब के कपूरथला जिले के ढिलवां क्षेत्र में जालंधर-अमृतसर जीटी रोड पर देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। कार में सवार एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव जयरामपुर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ निज्जर के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में ये गैंगवार है और मरने वाला गुरप्रीत गैंगस्टर रहे सुक्खा काहलवां मर्डर केस का प्रमुख गवाह था। वहीं, डोनी बल गैंग ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डाल इसकी जिम्मेदारी भी ले ली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात गुरप्रीत सिंह कार में सवार होकर ढिलवां के पास एवन पैलेस के नजदीक से गुजर रहा था।
पहले से घात लगा बैठे थे हमलावर
इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसकी कार को घेर लिया और उस पर लगातार गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सुबह करीब साढ़े तीन बजे सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में रखवा दिया। इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
डोनी बल ने ली जिम्मेदारी
इस हत्याकांड ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब डोनी बल गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। सूत्रों के अनुसार, मृतक गुरप्रीत सिंह उर्फ निज्जर चर्चित सुक्खा काहलवां हत्याकांड का मुख्य गवाह था और वह सुक्खा काहलवां का करीबी भी माना जाता था। इसी कारण इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका जताई जा रही है।
एसएसपी गौरव तुरा ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर थाना ढिलवां में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
मृतक पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक के खिलाफ पहले भी कुछ मामले दर्ज थे, जिससे इस वारदात को लेकर कई कोण सामने आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास लगे निगरानी यंत्रों की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
इलाके में इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।


