भिवाड़ी फेज थर्ड थाना क्षेत्र के सांथलका गांव स्थित बिल्लू कॉलोनी में बृहस्पतिवार सुबह छोटे सिलिंडर से गैस रिसाव होने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खाना बनाते समय सिलिंडर से गैस लीक होकर पास में जल रहे दूसरे सिलिंडर तक फैल गई, जिससे अचानक आग भड़क उठी और कमरे में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। हादसे में नेम सिंह (35), उसकी पत्नी ममता (30), मामा बृजेश (32), पुत्र पंकज (8) व छगन (6), काजल (15) और किशनवती (12) झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत भिवाड़ी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए अलवर रेफर कर दिया गया।
कैसे भड़क उठी आग?
एएसआई सूबे सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह नेम सिंह की पत्नी कमरे में खाना बना रही थी। इसी दौरान नेम सिंह का मामा बृजेश एक छोटा सिलिंडर लेकर आया और गैस सिलिंडर में लीकेज ठीक करने की बात कही। इसी बीच छोटे सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा, जो पास में जल रहे सिलिंडर तक पहुंच गया और आग भड़क उठी।
घटना के दौरान शोर सुनकर मौके पर पहुंचे कालोनी मालिक बिल्लू के भांजे संजू ने साहस दिखाते हुए जलते हुए सिलिंडर को कमरे से बाहर फेंक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आसपास के लोगों ने भी तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायल नेम सिंह मूलरूप से संभल (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं और बिल्लू कालोनी में किराए पर कमरा लेकर परिवार सहित रहते हैं।


