तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान ने भाजपा सरकार की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा है कि गुजरात में भाजपा दशकों तक सत्ता में बनी रहेगी। यूसुफ ने रविवार को अपने परिवार के साथ गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में मतदान किया।
मतदान के बाद यूसुफ ने कहा, 40-50 वर्षों तक गुजरात में भाजपा को सत्ता से नहीं हटाया जा सकता। चाहे कुछ भी हो, तथ्य तो तथ्य ही हैं। वास्तविकता यह है कि जो पार्टी मजबूत होती है, जनता के लिए काम करती है और जनता जिसे पसंद करती है, वही सत्ता में बनी रहती है।
‘गुजरात में भाजपा सत्ता में बनी रहेगी’
यूसुफ ने कहा, गुजरात के लोग भाजपा को पसंद करते हैं और विकास के आधार पर उसे वोट देते हैं, इसलिए भाजपा गुजरात में सत्ता में बनी रहेगी। लोग गुजरात में हुए विकास कार्यों से अवगत हैं। गुजरात के जागरूक लोग हमेशा विकास के लिए मतदान करते हैं।
‘बंगाल में तृणमूल को जनता करती है पसंद’
उन्होंने कहा, मतदान मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है और इसका प्रयोग विवेकपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। हालांकि यूसुफ ने यह भी कहा कि बंगाल में तृणमूल को जनता पसंद करती है।
बंगाल में मतदान के रुझानों का जिक्र करते हुए पठान ने कहा, 91-92 लाख मतदाताओं के नाम हटने के कारण मतदान प्रतिशत बढ़ा है। अगर 92 लाख मतदाताओं को भी शामिल कर लिया जाए, तो भी मतदान प्रतिशत लगभग 80-81 प्रतिशत ही रहेगा। इसमें कोई ‘जादू’ नहीं है।
गौरतलब है कि गुजरात में रविवार को अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों के लिए मतदान हुआ। 84 से अधिक नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए भी मतदान हुआ। मतगणना 28 अप्रैल को होगी।


