बिहार में OBC छात्रों को बड़ा झटका, NET की फ्री तैयारी कराने वाले करियर गाइडेंस सेंटर में नए दाखिले पर लगी रोक

 विश्वविद्यालयों में संचालित यूजीसी नेट की तैयारी के लिए करियर गाइडेंस सेंटर में नामांकन पर रोक लगा दी गई है। इसकी जानकारी बिहार स्टेट बैकवर्ड क्लासेज फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कार्पोरेशन के निदेशक ने पटना विश्वविद्यालय सहित राज्य के सात विश्वविद्यालय को पत्र भेज कर दी है।

पत्र के माध्यम से कहा गया है कि इस सत्र में विभाग से अनुमति लिए बगैर अगर कोई विश्वविद्यालय दाखिला लेता है, तो इसकी पूरी जिम्मेवारी संबंधित उक्त विश्वविद्यालय पर की होगी और विश्वविद्यालय को ही सेंटर चलाने के लिए राशि का भुगतान करना होगा।

पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के छात्रों को यूजीसी नेट की तैयारी के लिए वर्ष 2022 में राज्य के सात विश्वविद्यालयों में करियर गाइडेंस सेंटर खोला गया था। इस सेंटर पर 6 महीने का पाठ्यक्रम चलता था। इसके तहत छात्रों को यूजीसी नेट की तैयारी करवाई जाती थी।

छह महीने के कोर्स के तहत एक सत्र में 120 छात्रों का दाखिला होता था। पहले सत्र का जून और दूसरे सत्र की कक्षाएं दिसंबर से चालू होती थी। पहले सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया अप्रैल से शुरू होता था।

सेंटर के मार्गदर्शन में अभी तक 42 छात्रों को यूजीसी नेट में सफलता भी मिल चुकी है। नामांकन बंद करने की जानकारी देने से पहले इस सेंटर के संचालन संबंधित ऑडिट भी विभाग द्वारा किया गया था। पटना विश्वविद्यालय प्रशासन ने आडिट रिपोर्ट विभाग को भेज दिया है।

पीयू में 240 छात्र सेंटर से हैं नामांकित

पटना विश्वविद्यालय में स्थित करियर गाइडेंस सेंटर में वर्तमान में 240 छात्र नामांकित हैं। इसमें 120 छात्रों का जून में कोर्स समाप्त हो जाएगा। यही स्थिति राज्य के अन्य छह विश्वविद्यालय में भी है।

इसमें पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर, मधेपुरा विश्वविद्यालय और बिहार विश्वविद्यालय,मुजफ्फरपुर शामिल है।

पटना विश्वविद्यालय को छोड़ कर अन्य सभी विश्वविद्यालय में भी 100 के करीब छात्रों का दाखिला एक सत्र में होता है। इस सेंटर का संचालन पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित की जाती है। कल्याण विभाग द्वारा एक सत्र में 10 लाख के लगभग राशि का भुगतान होता है। इससे सेंटर का संचालन किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *