उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक (यूजी) कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार भी दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन माध्यम से संपन्न होगी। निदेशालय ने सभी कॉलेज प्रशासन को 25 अप्रैल तक अपने पाठ्यक्रमों, विषयों और उपलब्ध सीटों का पूरा विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि आवेदन के समय विद्यार्थियों को किसी भी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 7 मई से 31 मई तक आनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। निदेशालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए आवेदन पत्र में सुधार का विकल्प भी दिया है। विद्यार्थी 1 जून तक ओटीपी आधारित संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद 2 जून को आवेदकों की अंतिम सूची जारी की जाएगी, जिस पर आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। दस्तावेजों का सत्यापन कॉलेज स्तर पर 9 मई से 6 जून तक चलेगा।
मेरिट लिस्ट और शुल्क भुगतान
कॉलेजों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट 11 जून को जारी होगी। इसमें चयनित विद्यार्थियों को अपनी सीट सुरक्षित करने के लिए 12 से 15 जून के बीच फीस जमा करनी होगी। दूसरी मेरिट सूची 17 जून को प्रकाशित की जाएगी, जिसके आधार पर 18 से 22 जून तक विद्यार्थी फीस जमा करवाकर अपनी सीट सुनिश्चित कर सकेंगे।
सीटें रिक्त रहने पर होगी फिजिकल काउंसिलिंग
दो मेरिट सूचियों के बाद भी यदि कॉलेजों में सीटें रिक्त रहती हैं, तो 24 जून से फिजिकल काउंसिलिंग शुरू की जाएगी। 25 जून को एडमिशन पोर्टल दोबारा ओपन किया जाएगा। 26 जून से दो जुलाई तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिले किए जाएंगे। इसके बाद भी अगर सीटें रिक्त रहती हैं तो 03 से 10 जुलाई तक प्रतिदिन 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ दाखिला प्रक्रिया चलेगी।
पिछले वर्ष के मुकाबले 10 दिन पहले शुरू की प्रक्रिया
कॉलेज प्राचार्यों का कहना है कि निदेशालय से मिले निर्देशों के अनुसार पाठ्यक्रमों, विषयों और उपलब्ध सीटों का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इस बार दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पिछले साल के मुकाबले करीब 10 दिन पहले शुरू की गई है। अभी तक 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अगर परिणाम जारी होने में देरी होती है तो शेड्यूल में फेरबदल में फेरबदल संभव है।
यह है जिले की स्थिति
जिले में राजकीय, निजी व एडिड कॉलेजों की संख्या करीब 23 हैं। इनमें विभिन्न पाठ्यक्रमों में करीब 13562 सीटें हैं। वहीं, खानपुर कलां में बीपीएस महिला विश्वविद्यालय में स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में करीब 2375 सीटें हैं। जबकि दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में भी 1126 सीटें हैं। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से कॉलेजों में निर्धारित सीटें भी नहीं भर पा रही। पिछले साल भी कॉलेजों में करीब 30-40 प्रतिशत सीटें रिक्त रह गई थी।
नंबर गेम
- 23 राजकीय, निजी व एडिड कॉलेज हैं सोनीपत जिले में
- 17063 सीटें हैं जिले के महाविद्यालयों व दो विश्वविद्यालयों में
- 30-40 प्रतिशत तक हर साल कॉलेजों में रिक्त रह जाती हैं सीटें
-डॉ. नरेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत


