महाराष्ट्र के बारामती और राहुरी विधानसभा उपचुनाव में 50 प्रतिशत मतदान, सुनेत्रा पवार की साख दांव पर

9.5kViews
1000 Shares

महाराष्ट्र के पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में गुरुवार शाम पांच बजे तक लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां उप मुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार चुनाव लड़ रही हैं।

अहिल्यानगर जिले के राहुरी विधानसभा क्षेत्र में भी उपचुनाव हुआ, जहां मतदान प्रतिशत 50.74 प्रतिशत रहा। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ।

तत्कालीन उप मुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष अजीत पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो जाने से यह सीट रिक्त हो गई थी। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राकांपा से यहां से चुनाव लड़ रही हैं।

वह सहानुभूति की लहर पर सवार होकर आसानी से जीत सकती हैं, क्योंकि उनके परिवार का इस निर्वाचन क्षेत्र पर मजबूत प्रभाव है। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं, जिससे उनका चुनाव महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है।

परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे। पिछले साल अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी कार्डिले के निधन के बाद राहुरी विधानसभा सीट खाली हो गई थी।

उनके बेटे अक्षय कार्डिले ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में इस सीट से चुनाव लड़ा। उनका मुकाबला राकांपा (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन अघाड़ी के संतोष चालके से था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *