पहले काम कर भरोसा जीता, फिर मौका पाकर घर के आभूषण का सफाया’ क्वार्सी इलाके में घरेलू काम के बहाने घर में घुसी एक युवती ने इसी फार्मूले पर चलकर लाखों के सोने के सिक्के गायब कर दिए।
चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी एक झटके में नहीं, बल्कि ‘धीरे-धीरे’ की गई, ताकि किसी को शक न हो। आखिरकार पुलिस की नजरें टिकीं और पूरा खेल खुल गया।
थाना क्वार्सी की घटना घर पर आया का काम कर रही महिला ने साफ किए लाखों के जेवरात
थाना क्वार्सी क्षेत्र में महावीर पार्क मैरिस रोड निवासी शिखर उत्पल के घर से सात महीने पहले 24 कैरेट के तीन सोने के सिक्के गायब हो गए। परिवार को जब घर से आभूषण कम होते दिखे तो इसे भूल-चूक समझा। लेकिन 10 अप्रैल को फिर 24 कैरेट के नौ सिक्के फिर से गायब हो गए। अगले दिन परिवार की आभूषण पर निगाह पड़ी तो उन्हें शक हुआ कि कल ही इस आभूषण को देखा था। इस पर 112 नंबर पर पुलिस को शिकायत की।
पीड़ित परिवार के घर दो साल से कर रही थी काम
शिकायत के बाद जांच शुरू हुई और शक की सुई सीधे घर में छोटे बच्चों की परवरिश के लिए आया का काम करने वाली नगला महल्ला थाना क्वार्सी की लवली और उसकी छोटी बहन नाबालिग पर आकर टिक गई। परिवार ने उसे दस हजार रुपये महीने पर काम के लिए घर में रखा था। घर पर किसी के न आने के कारण पुलिस को उन दोनों पर ही चोरी का शक हुआ।
पुलिस ने आया को पकड़कर भेजा जेल
इस पर पुलिस ने पूछताछ की। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। अगले दिन दोनों काम पर नहीं आई। पुलिस का शक बढ़ता गया। पुलिस ने जाल बिछाकर लवली निवासी नगला मल्लाह को रविवार को पकड़ा। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में पहले तो नौकरानी ने साफगोई पेश की। लेकिन बाद मेें वह टूट गई।
चोरी का जो तरीका बताया, वह हैरान करने वाला था
उसने चोरी का जो तरीका बताया, वह हैरान करने वाला था। उसने पहले घर के हर सदस्य का विश्वास जीता। फिर जैसे ही मौका मिलता चुपचाप अलमारी, दराज और छिपे हुए स्थानों की जानकारी जुटाती। मौका मिलते ही थोड़ा-थोड़ा कर सोने के सिक्के निकालती रहती। ताकि किसी को अचानक बड़ा नुकसान नजर न आए।
घर पर काम करने वाले कर्मचारी रखने से पहले रखें ध्यान
- घरेलू कामगार रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।
- घर में सीसीटीवी कैमरे या बेसिक निगरानी व्यवस्था जरूर रखें।
- कीमती आभूषण और नकदी को लाकर या सुरक्षित स्थान पर रखें।
- घर की दिनचर्या और बाहर जाने की जानकारी अनजान लोगों से साझा न करें।
- कामगार के व्यवहार में बदलाव या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सतर्क हों।
पुलिस ने उसके पास से 24 कैरेट के 10-10 ग्राम के सात सोने के सिक्के और दो सिक्के बेचकर हासिल किए गए 2.80 लाख रुपये बरामद किए हैं। मामले में एक बाल अपचारी की भूमिका भी सामने आई है। जिसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।


