सेक्टर-37सी स्थित आशियारा हाउसिंग प्रोजेक्ट के आवंटियों ने लंबित प्रोजेक्ट को पूरा करने और अपनी मांगों को लेकर रविवार को परियोजना स्थल के बाहर धरना प्रदर्शन किया और बिल्डर के विरुद्ध विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की और अपनी समस्याओं को सामने रखा।
आशियारा आवंटी सोसायटी के अध्यक्ष गौतम कुमार मैती, महासचिव अमृत कुमार, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सोनकर का कहना है कि हमने प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और हरियाणा के मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है। यह परियोजना किफायती आवास योजना के तहत शुरू की गई थी, लेकिन लंबे समय से अधूरी पड़ी है।
आवंटियों ने कब बुक किए थे फ्लैट?
आवंटियों के अनुसार साल 2018 में फ्लैट बुक किए गए थे और करीब चार साल पहले ही पूरा भुगतान कर दिया गया था। इसके बावजूद अब तक केवल लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है। पिछले डेढ़ साल से निर्माण पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे लोगों में भारी निराशा है। आरोप है कि बिल्डर कंपनी रेणुका ट्रेडर्स ने पिछले छह वर्षों में 14 बार फ्लैट देने की समय-सीमा बदली, लेकिन अब आवंटियों की शिकायतों का कोई जवाब नहीं दिया जा रहा।इस संबंध में सीएम विंडो, डीटीसीपी गुरुग्राम और अन्य विभागों में कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (हरेरा) गुरुग्राम द्वारा भी बिल्डर के विरुद्ध आदेश जारी किए गए हैं और परियोजना को पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है, लेकिन इन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है।


