यादव स्वाभिमान शक्ति संगठन के बैनर तले मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में 27 जून को रिलीज होने वाली फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि फिल्म के कुछ दृश्य, संवाद और प्रस्तुति यादव समाज की सामाजिक छवि को आहत करते हैं और इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान संगठन के सदस्यों ने सरजू पांडेय पार्क में दूध से स्नान किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दिनेश सिंह यादव ने कहा कि हाल में प्रचारित इस फिल्म के कंटेंट से समाज के सम्मानित वर्ग की भावनाएं आहत हो रही हैं। इससे सामाजिक सद्भाव बिगड़ने की आशंका भी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली फिल्मों पर कठोर निगरानी रखी जाए और संबंधित फिल्म को रिलीज होने से रोका जाए। चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
समाजसेवी जरनैल यादव ने कहा कि किसी भी समाज विशेष की गलत, आपत्तिजनक या भ्रामक छवि प्रस्तुत करना निंदनीय ही नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी घातक है। उन्होंने फिल्म का घोर विरोध करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
वहीं, स्वामी सहजानंद के पूर्व अध्यक्ष संदीप यादव ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि शासन स्तर पर हस्तक्षेप कर फिल्म पर रोक लगाई जाए, अन्यथा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।


