दारोगा के नाम पर खोल दी फर्जी फर्म, 10.50 करोड़ का लेनदेन भी किया… टैक्स चोरी का नोटिस आया तो मामले का पता चला
आनलाइन लुटेरों ने यूपी पुलिस के दारोगा के साथ धोखाधड़ी कर दी। दारोगा का पैन कार्ड प्रयोग कर फर्जी फर्म बना दी। जिसके आधार पर लगभग साढ़े 10 करोड़ रुपये का लेन-देन कर दिया गया। जीएसटी चोरी समेत आयकर विभाग से नोटिस मिलने के बाद दरोगा को ठगी का पता चला। मामले को लेकर दारोगा ने एसएसपी से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया है। मामले की जांच तत्काल साइबर थाने का दी गई है। साइबर थाना पुलिस दारोगा के पैनकार्ड पर खोली गई फर्म की छानबीन में लगी है।
मंगलवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मिलकर तितावी निवासी दरोगा धर्मेंद्र कुमार ने शिकायत दी है, जिसमें कहा कि वर्तमान में उसकी तैनाती लखनऊ है। आनलाइन लुटेरों ने दारोगा के पैन कार्ड का दुरुपयोग कर दिल्ली में एक फर्म का रजिस्टेशन करा लिया। जिसके आधार पर साढ़े 10 करोड़ का लेन-देन कर दिया। दारोगा को इसकी भनक नहीं लग पाई। विगत दिनों जीएसटी विभाग से टैक्स चोरी का नोटिस आया तो दारोगा को धोखाधड़ी का पता चला।
दारोगा के अनुसार उसका कोई कारोबार नहीं है, जिसमें इस तहर का लेन-देन किया जा सके। नोटिस के बाद इस मामले की जानकारी जुटाई। जीएसटी और आयकर विभाग के अधिकारियों से बात कर पूरे मामले से अवगत कराया। दारोगा धर्मेन्द्र कुमार की शिकायत पर तत्काल एसएसपी ने एसपी क्राइम इंदू सिदार्थ को जांच करने के निर्देश दिए हैं। साइबर थाना पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।


