‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मित्र देशों का साथ जरूरी’, मलेशिया में द्विपक्षीय वार्ता में बोले पीएम मोदी

1111 Shares

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात के दौरान कहा कि भारत और मलेशिया अपने रिश्तों को नई ऊंचाई तक ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक अस्थिरता के दौर में दोनों देशों के बीच सहयोग और भी जरूरी हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें मलेशिया में भारतीय प्रवासी समुदाय से मिलने का अवसर मिला, जो उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों में मलेशिया के नेतृत्व के लिए सम्मान और अपनापन साफ दिखाई देता है जिस पर उन्हें गर्व महसूस हुआ।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मित्र देशों का समर्थन बेहद अहम है। भारत और मलेशिया दोनों मानते हैं कि दोनों देशों की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया, दोनों समुद्री पड़ोसी देश हैं और इस वैश्विक अस्थिर माहौल में उन्हें अपने रिश्तों की पूरी क्षमता का उपयोग करना चाहिए।

व्यापार, तकनीक और सुरक्षा में बढ़ता सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज भारत और मलेशिया के बीच कृषि, मैन्युफैक्चरिंग, स्वच्छ ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि कौशल विकास और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में भी दोनों देश अहम साझेदार हैं। रक्षा और सुरक्षा सहयोग भी लगातार गहराता जा रहा है।

पीएम मोदी ने ASEAN की अध्यक्षता के लिए मलेशिया को बधाई दी और कहा कि मलेशिया के सहयोग से भारतASEAN संबंध और मजबूत होंगे।

दोनों देशों के बीच की पुरानी दोस्ती

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतमलेशिया संबंधों की असली ताकत लोगों के बीच के रिश्तों में है। करीब 30 लाख मलेशियाई नागरिक भारतीय मूल के हैं, जो दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु की तरह हैं।

उन्होंने कहा कि मलेशिया की यह उनकी तीसरी यात्रा है और अनवर इब्राहिम से यह उनकी चौथी मुलाकात है, जो दोनों देशों के रिश्तों की मजबूती को दिखाती है। पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में द्विपक्षीय रिश्तों की गति और गहराई प्रेरणादायक रही है और इसके लिए उन्होंने मलेशियाई प्रधानमंत्री का आभार जताया।

गर्मजोशी भरे स्वागत पर धन्यवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और उनकी सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर जिस सुंदर तरीके से मलेशियाई जीवन को प्रस्तुत किया गया, वह हमेशा याद रहेगा।

वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते बेहद अच्छे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दों पर चर्चा हुई है, जिन्हें दोनों देशों की टीमें आगे बढ़ाएंगी। अनवर इब्राहिम ने कहा कि वे सभी क्षेत्रों में और ज्यादा सहयोग की उम्मीद करते हैं और यह यात्रा उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *