यूजीसी कानून के विरोध में हरिद्वार जा रहे यति नरसिंहानंद गिरी को पुलिस ने सीमा पर रोका
यूजीसी के नए कानून के विरोध में गंगा किनारे धरना देने जा रहे डासना धाम के महंत महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज को रविवार को पुलिस ने नारसन बार्डर पर रोक दिया। उन्हें प्रदेश की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया और वापस लौटा दिया गया। इस दौरान उनके समर्थकों ने विरोध जताया और पुलिस से बहस भी हुई।
महंत यति नरसिंहानंद गिरी ने हरिद्वार में गंगा किनारे धरना देने का ऐलान किया था। वह अपने समर्थकों के साथ वहां जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला नारसन बार्डर पर पहुंचा, पुलिस प्रशासन ने वाहनों को रोक लिया। समर्थकों ने हरिद्वार जाने की मांग उठाई, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
इसको लेकर समर्थकों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से उन्हें हरिद्वार जाने से रोका गया। वहीं, समर्थकों ने इसे विरोध की आवाज दबाने की कोशिश बताया।


