लंबे समय से प्रतीक्षित बैजनाथपुर अंदौली जंक्शन से न्यू झाझा जंक्शन के बीच निर्मित नई रेल बाइपास लाइन का शुक्रवार को CRS (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) निरीक्षण किया गया। इस दौरान CRS पदाधिकारी गुरु प्रकाश ने DRM ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पूरी रेल लाइन, स्टेशन परिसरों, पुल-पुलिया और अन्य संरचनात्मक कार्यों की गहन जांच की।
CRS निरीक्षण के साथ ही क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा आखिरकार समाप्त होती दिख रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को इस रेल बाइपास लाइन पर स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया था।
इस अवसर पर यह पहला मौका था जब बैजनाथपुर अंदौली और न्यू झाझा जंक्शन के बीच CRS पदाधिकारी की स्पेशल बोगी का संचालन किया गया। निरीक्षण के सफल समापन के बाद अधिकारियों ने रेल मार्ग की सुरक्षा और संचालन की पुष्टि की।


