भारतीय रेलवे ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की घोषणा की है। ये सभी ट्रेनें साप्ताहिक आधार पर संचालित की जाएंगी। दोनों राज्यों में आगामी चुनावों से पहले रेलवे के इस कदम को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें तांबरम–संरागाछी, तिरुचिरापल्ली–न्यू जलपाईगुड़ी और नागरकोइल–न्यू जलपाईगुड़ी रूट पर चलाई जाएंगी। इन लंबी दूरी के रूट्स पर ट्रेनों के संचालन से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों के संचालन का समय भी तय कर दिया है और इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन रूट्स पर यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस को शामिल किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
कोच संरचना की बात करें तो नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 20 कोच होंगे। इसमें 8 स्लीपर कोच और 11 सेकेंड क्लास सिटिंग कोच शामिल किए गए हैं। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अलग कोच की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में पैंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
रेलवे का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और मध्यम वर्ग व लंबी दूरी के यात्रियों के लिए किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प साबित होगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से संबंधित राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

