यूपी खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023: 33 परियोजनाओं को मंजूरी, 57 करोड़ का अनुदान स्वीकृत
उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के तहत गठित राज्य स्तरीय इम्पावर्ड कमेटी ने 33 परियोजना प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 57 करोड़ रुपये के अनुदान को मंजूरी दी गई है। सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर चर्चा के बाद लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी करने की अनुमति भी दी गई।
कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार की अध्यक्षता में एपीसी सभागार में आयोजित बैठक में कुल 35 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए थे, जिनमें से 33 को हरी झंडी मिली। स्वीकृत परियोजनाएं अंबेडकरनगर, अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, बरेली, लखनऊ, सहारनपुर, सीतापुर, सुल्तानपुर, सोनभद्र सहित कई जिलों में स्थापित की जाएंगी।
सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से खाद्य प्रसंस्करण अवसंरचना को मजबूती मिलेगी, स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। नीति का उद्देश्य निवेश को प्रोत्साहन, किसानों की आय में वृद्धि और प्रदेश को खाद्य प्रसंस्करण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

