राई रोड स्थित खाटू श्याम ईंट उद्योग पर पर्यावरण विभाग ने सोमवार को राजस्व विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में जलते हुए ईंट भट्ठे की आग बुझा दी गई, जिससे भट्ठे का संचालन पूरी तरह बंद हो गया। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस कार्रवाई से भट्ठा मालिक को लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मंडल आयुक्त को प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई। जांच में पाया गया कि भट्ठा संचालक ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनिवार्य Pollution Control Certificate नहीं लिया था। इसके अलावा खनन से संबंधित Royalty भी जमा नहीं की गई थी, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
पहले भी हो चुकी है खनन विभाग की कार्रवाई
इससे पहले शुक्रवार को खनन विभाग ने इसी ईंट उद्योग पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और मिट्टी मिलाने वाला मिक्सर जब्त किया था। दोनों मशीनों को कोतवाली में जमा करा दिया गया था। इन कार्रवाइयों के बाद सपा नेता और भट्ठा मालिक मुकेश यादव की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों और खनन कानूनों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

