नकली नोटों के धंधे पर चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह शातिरों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, अब मुकदमे की तैयारी

2.6kViews
1248 Shares

नकली भारतीय मुद्रा के पकड़े गए एक बड़े अंतरराज्जीय गिरोह का चंडीगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया था। अब आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे की तैयारी कर दी है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में छह शातिरों के खिलाफ जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। जिस पर छह जनवरी 2026 से सुनवाई शुरू होगी।

गौरव कुमार, विक्रम मीणा उर्फ विक्की, जितेंद्र शर्मा, जसविंदर सिंह, सोम दत्त व शिवा गुप्ता को तीन महीने पहले गिरफ्तार किया था और इनसे 24.27 लाख रुपये की जाली करंसी बरामद की थी। पुलिस को इनसे नकली नोटों के अलावा, प्रिंटिंग मशीनें, वाहन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी। पुलिस ने इस नेटवर्क को देश के कई राज्यों में फैला हुआ पाया था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित 500 और 100 रुपये के नकली नोटों की छपाई कर उन्हें देश के अलग-अलग राज्यों में सप्लाई कर रहे थे। यह गिरोह इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए ग्राहकों को लुभाता था।

नकली नोटों की सप्लाई 1:3 के अनुपात में की जाती थी, यानी एक लाख असली रकम के बदले तीन लाख के नकली नोट दिए जाते थे। जांच के दौरान पुलिस ने यह भी पाया कि आरोपित नकली नोटों को असली नोटों के बंडलों में मिलाकर बाजार में खपाने की कोशिश करते थे, ताकि पहचान से बचा जा सके।

गिरोह में शामिल अन्य लोगों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे भी जांच जारी है। पुलिस पता लगा रही है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े थे। पुलिस इसमें और लोगों को भी आरोपित बना सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *