‘लोग पूछ रहे एनकाउंटर कब’, रायसेन दुष्कर्म केस के आरोपी सलमान को पुलिस ने पकड़ा, पूछताछ जारी

3.0kViews
1625 Shares

छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कृत्य करने वाला आरोपित सलमान आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात 1 बजे उसे भोपाल के गांधी नगर से गिरफ्तार किया गया। गांधीनगर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गौहरगंज पुलिस के हवाले कर दिया है।

गौहरगंज पुलिस उसे साथ लेकर रवाना हो गई। आगे की कार्रवाई वही की जाएगी। प्राप्त जानकारी अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित सलमान ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वो जंगलों के रास्ते होते हुए भोपाल पहुंचा था और पैदल ही गांधीनगर इलाके में आया।

बताया जा रहा है कि आरोपित सलमान गांधी नगर के वार्ड 11 में किराए का कमरा ढूंढ रहा था उसी क्षेत्र से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।

सलमान के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए लेकिन उससे पहले ही उसे गौहरगंज पुलिस को सौंपा जा चुका था।

उल्लेखनीय है कि आरोपित सलमान पर कार्रवाई की मांग को लेकर रायसेन जिले में विभिन्न हिन्दू संगठन और लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। आरोपित को फांसी की सजा देने या एनकाउंटर की मांग की जा रही थी।

21 नवंबर को घटना के बाद भोपाल पहुंचा

21 नवंबर की शाम को 6 साल की मासूम बच्ची को 23 वर्षीय आरोपित सलमान चाकलेट दिलाने के बहाने जंगल की तरफ ले गया था और दुष्कर्म करके भाग गया था। बच्ची रोती हुई परिजनों को मिली थी। सिविल अस्पताल में भी समय से बच्ची को इलाज नहीं मिल पाया था और न ही भोपाल ले जाने के लिए एंबुलेंस मिली थी।

लोगों की सहायता से एक निजी वाहन से उसे एम्स ले जाकर भर्ती कराया गया था जहां बच्ची की सर्जरी भी हुई। फिलहाल बच्ची की हालत में सुधार है। आरोपित सलमान पर 30 हजार रुपए का इनाम पुलिस ने घोषित किया गया था वह 7 दिन से फरार था। घटना को अंजाम देने के बाद वो भोपाल पहुंच गया था।

रायसेन एसपी को मुख्यमंत्री ने हटाया था

आरोपित की गिरफ्तारी मांग को लेकर रायसेन जिले में लगातार धरना प्रदर्शन हो रहे थे, इस पर सरकार सख्त हुई। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने दी दिन पहले रात में पुलिस के उच्च अधिकारियों की बैठक ली थी।

इस दौरान रायसेन में बच्ची से दुष्कृत्य के आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की थी। चक्काजाम के मामले में भी वे पुलिस की कार्रवाई को ढीला मानते हुए नाराज हुए थे।

उन्होंने रायसेन एसपी पंकज पांडेय को हटाकर मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए थे। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को रायसेन का नया एसपी बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *