इंदौर में 27 वर्ष से बिना वीजा रह रहा केन्याई नागरिक, डीएवीवी से की पढ़ाई, हिंसक पोस्ट्स से बढ़ी पुलिस की टेंशन

2.6kViews
1703 Shares

दिल्ली में हाल ही में हुए धमाके के बाद इंदौर पुलिस शहर भर में सख्ती से किरायेदारों की जानकारी जुटा रही है। इसी जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक केन्याई नागरिक रिचर्ड मयाका स्वान्या पिछले 27 वर्षों से बिना वीजा इंदौर में रह रहा है।

रिचर्ड, मूल निवासी नियामाचे (केन्या), एमआईजी क्षेत्र के शिवशक्ति नगर में किराए पर रह चुका है और डीएवीवी से बीकॉम की पढ़ाई भी कर चुका है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया पर कई आपत्तिजनक और हिंसक पोस्ट भी साझा करता रहा है। इनमें खून-खराबे वाले वीडियो और ‘युगांडा भले ही चारों ओर से घिरा हो, हिंद महासागर भी हमारा है’ जैसी उकसाने वाली पोस्ट शामिल हैं।

1991 से इंदौर में ठिकाना

पुलिस के मुताबिक रिचर्ड 1991 से इंदौर में रह रहा है। 2018 में जब वह शिवशक्ति नगर में कन्हैयालाल गौर के घर में रहता था, तब जांच में पता चला कि उसका वीजा 1998 में ही समाप्त हो चुका था। उसे गिरफ्तार कर पासपोर्ट और दस्तावेज जब्त किए गए थे। कोर्ट ने शहर न छोड़ने की शर्त पर जमानत दी थी। मामला अब भी लंबित है और अगली सुनवाई 28 अप्रैल 2026 को निर्धारित है।

वकील ने दी सफाई

केन्याई नागरिक के वकील वाजिद खान के मुताबिक, रिचर्ड ने 2019 में कोर्ट से पासपोर्ट सुपुर्दगी पर प्राप्त कर लिया था। उसने वीजा और पासपोर्ट की अवधि बढ़ाने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वर्तमान में वह शेखर कुशवाह के घर में रह रहा है और पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *