रूस से युद्ध के बीच फ्रांस के साथ जेलेंस्की की बड़ी डील, यूक्रेन खरीदेगा 100 राफेल

1987 Shares

रूस के साथ युद्ध के बीच यूक्रेन 100 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने जा रहा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने खुद इसकी जानकारी दी है।

जेलेंस्की ने सोमवार को बताया कि उन्होंने फ्रांस के साथ 100 राफेल की खरीद के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने यह कदम रूस से मुकाबले के लिए यूक्रेन की सैन्य क्षमता को मजबूत करने के प्रयास के तहत उठाया है।

जेलेंस्की पहुंचे हैं पेरिस

जेलेंस्की फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता के लिए ऐसे समय पेरिस पहुंचे हैं, जब यूक्रेन पर रूसी ड्रोन और मिसाइलों से हमले बढ़ गए हैं। यहीं नहीं रूसी बल यूक्रेन के जपोरिजिया क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जेलेंस्की ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने 100 राफेल लड़ाकू विमानों का आर्डर दिया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने मैक्रों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यह जानकारी दी। जबकि मामले से जुड़े दो लोगों ने बताया कि कीव के लिए राफेल लड़ाकू विमानों की आपूर्ति एक दस वर्षीय रणनीतिक विमानन समझौते का हिस्सा होगी। कुछ लड़ाकू विमानों की सीधे फ्रांसीसी बेड़े से आपूर्ति हो सकती है।

रूसी मिसाइल हमले में तीन की मौत

रूसी मिसाइल हमले में पूर्वी यूक्रेन के बालाक्लिया शहर में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन किशोरों समेत दस घायल हो गए। खार्किव क्षेत्र के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीती रात किए गए हमले में एक बहुमंजिला इमारत को नुकसान पहुंचा और कई वाहन तबाह हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *