कमला नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (केएनआइटी) के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग में अब नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत प्रणालियों के आधुनिक परीक्षण की सुविधाएं और मजबूत होंगी।
विभाग के पावर एंड एनर्जी रिसर्च सेंटर (उत्कृष्टता केंद्र) को 30 लाख रुपये कीमत का टाइफून हिल 404 रियल टाइम सिमुलेटर मिलने जा रहा है। यह उपलब्धि विभाग के शोधपत्र को टाइफून हिल बेस्ट अवार्ड इंडिया-2026 के लिए देश के तीन सर्वश्रेष्ठ शोधपत्रों में चुने जाने के साथ मिली है।
यह सुविधा हार्डवेयर इन द लूप (हिल) आधारित अनुसंधान, नियंत्रकों के परीक्षण तथा औद्योगिक अनुप्रयोगों के अनुरूप तकनीकी विकास में सहायक होगी। पुरस्कार के लिए चयनित शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय पत्रिका साइंटिफिक रिपोर्ट्स (स्प्रिंगर नेचर) में प्रकाशित हुआ है। इसमें सौर ऊर्जा आधारित प्रणाली के लिए अप्रत्यक्ष धारा नियंत्रण रणनीति का अध्ययन और रियल-टाइम सिमुलेशन के माध्यम से उसका परीक्षण किया गया है।
शोध का उद्देश्य विद्युत ग्रिड की गुणवत्ता में सुधार करना है। शोध पत्र सेंटर समन्वयक डा. सौरभ मणि त्रिपाठी, राजकीय इंजीनियरिंग कालेज बस्ती के निदेशक डा. कुलदीप सहाय तथा डा. विनम्र कुमार गोविल पूरा किया है।
निदेशक डा. आरके उपाध्याय ने बताया कि सिमुलेटर से सौर एवं पवन ऊर्जा प्रणालियों, ग्रिड एकीकरण और नियंत्रण उपकरणों का रियल-टाइम परीक्षण तथा हार्डवेयर-इन-द-लूप सत्यापन संभव होगा।
इसके साथ दो वर्ष के लिए एकीकृत साफ्टवेयर टूलचेन, सभी टूलबाक्स और असीमित इंस्टालेशन की सुविधा भी मिलेगी। पुरस्कार आठ दिसंबर को बेंगलुरु में प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शोध एवं अत्याधुनिक अनुसंधान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

