बिहार के दरभंगा जिले में 18 वर्षीय युवक कन्हैया की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर करीब छह घंटे तक जाम लगाए रखा। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई। ग्रामीणों की प्रमुख मांग थी कि मामले में शामिल तीसरे नामजद आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पुलिस की कथित लापरवाही पर कार्रवाई हो।
दरअसल, यह पूरा मामला दरभंगा के सिंहवाड़ा प्रखंड के सिमरी थाना क्षेत्र स्थित सढ़वाड़ा गांव का है। मृतक की पहचान कृष कुमार शर्मा उर्फ कन्हैया के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर की रात भट्ठी चौक स्थित एक चाय की दुकान पर विवाद हुआ था। इसी दौरान कन्हैया और उसके दोस्त शिवम कुमार पर पेट्रोल छिड़क दिया गया। दुकान के चूल्हे की आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे।
घटना के बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कन्हैया की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन करीब दस दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसका दोस्त शिवम इलाज के बाद घर लौट आया।
कन्हैया की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जब उसका शव गांव पहुंचा तो परिजनों के साथ ग्रामीण भी आक्रोशित हो उठे। लोगों ने सढ़वाड़ा चौक पर अतरबेल-विशनपुर बाइपास सड़क पर शव रखकर आवागमन बाधित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि घटना के बाद भी पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी नहीं दिखाई। प्रदर्शनकारी तीसरे नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। करीब छह घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले में पुलिस ने दो आरोपियों चंदन कुमार और नेपाली उर्फ रवि को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, तीसरे नामजद आरोपी बलराम सहनी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी।
स्थिति को देखते हुए सिमरी के अलावा सिंहवाड़ा, मब्बी, मोरो और विशनपुर थाने की पुलिस तथा जिला मुख्यालय से क्विक रिस्पॉन्स टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने और पंचायत के मुखिया व सरपंच के घरों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं। इस दौरान मुखिया की मां घायल हो गईं।
मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ-टू एसके सुमन ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। साथ ही मृतक के परिवार को अंत्येष्टि सहायता और पारिवारिक योजना का लाभ दिलाने की बात कही। इसके बाद दोपहर करीब 1:30 बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
फिलहाल इस मामले में दो आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
कन्हैया की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। अब परिजनों और ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी कब होती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

