बरगवां। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बरगवां थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग में संचालित हो रही मोनू राठौड़ की कबाड़ दुकान इन दिनों चर्चाओं में है। आरोप है कि दुकान संचालित करने वाला राठौर नामक कारोबारी कथित तौर पर चोरी के सामान की खुलेआम खरीद-फरोख्त कर रहा है। इतना ही नहीं, सूत्रों के हवाले से यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कारोबारी के गुर्गे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में संलिप्त हैं।

वायरल वीडियो ने खोली कबाड़ दुकान की पोल?
हाल ही में वायरल हो रहे एक वीडियो में उक्त कबाड़ दुकान पर बड़ी संख्या में संदिग्ध सामान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में साइकिल, मोटर पार्ट्स, कंपनियों में इस्तेमाल होने वाले भारी रोलर, इलेक्ट्रिक पोल के कटे हुए हिस्से, बड़ी मात्रा में लोहे के एंगल सहित मोटरसाइकिलें दिखाई दे रही हैं। अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में यह सामान कहां से आ रहा है? क्या दुकान संचालक के पास इन वस्तुओं की खरीद के वैध दस्तावेज और स्रोत मौजूद हैं? स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि दुकान में दिखाई देने वाले कुछ सामान चोरी के हो सकते हैं। हालांकि, सामान की वास्तविक स्थिति और उसके स्रोत की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की अनुमति से चल रही दुकान, या चोरी के कारोबार को खुली छूट?
सूत्रों की मानें तो जब भी कथित तौर पर राठौर नामक कबाड़ी से दुकान के संचालन को लेकर सवाल किया जाता है, तो वह कथित रूप से पुलिस से अनुमति लेकर दुकान चलाने की बात कहता है। यदि यह दावा सही है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस ने किस आधार पर अनुमति दी है? क्या अनुमति का मतलब चोरी के संदिग्ध सामान की खरीद-फरोख्त की छूट भी है? क्या दुकान में रखे सामान के स्रोत और खरीद-बिक्री के दस्तावेजों की कभी जांच की गई? निश्चित रूप से कबाड़ का वैध कारोबार करना अपराध नहीं है, लेकिन यदि किसी दुकान में चोरी का सामान खरीदे जाने या बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच करना पुलिस की जिम्मेदारी है।

थाना प्रभारी की निगरानी व्यवस्था पर सवाल
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस दुकान को लेकर इतने गंभीर आरोप और चर्चाएं सामने आ रही हैं, वह बरगवां थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित बताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या थाना प्रभारी को इस दुकान की गतिविधियों की जानकारी नहीं है? यदि जानकारी है तो अब तक जांच और कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्षेत्र में चर्चा है कि थाना प्रभारी के पांच-पांच कारखास क्षेत्र में घूम-घूमकर कानून व्यवस्था की निगरानी करते हैं। इसके बावजूद थाने के इतने करीब संचालित इस कबाड़ दुकान की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी क्यों नहीं दिखाई दे रही? क्या पुलिस की पूरी निगरानी व्यवस्था केवल सामान्य गश्त और औपचारिकताओं तक सीमित रह गई है? हैरानी यह भी है कि इस पूरे मामले में न तो थाना प्रभारी की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने आ रही है और न ही उनसे जुड़े जिम्मेदार पुलिसकर्मी इस संबंध में कुछ कहने को तैयार बताए जा रहे हैं।

सुविधा शुल्क के सहारे कारोबार?
सूत्रों के बीच यह भी चर्चाएं हैं कि कथित तौर पर पूरा कारोबार सुविधा शुल्क के सहारे संचालित हो रहा है। यदि इन आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो यह केवल एक कबाड़ दुकान का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। अब सवाल सीधे बरगवां थाना प्रभारी से है कि थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर संचालित इस दुकान की वास्तविकता क्या है? क्या पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे सामान की जांच करेगी? क्या दुकान संचालक से खरीद-बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर और सामान के वैध स्रोत का हिसाब मांगा जाएगा? क्या चोरी की घटनाओं से इस दुकान के किसी संभावित संबंध की जांच होगी?
अब देखना यह है कि खबर प्रकाशित होने के बाद बरगवां पुलिस हरकत में आती है या फिर थाने से चंद कदमों की दूरी पर संचालित इस कबाड़ कारोबार पर पहले की तरह खामोशी बरकरार रहती है? आखिर बरगवां पुलिस की इस कथित मेहरबानी का राज क्या है?
आगे पप्पू कबाड़ी पर साहब की मेहरबानी…


विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

