आजमगढ़ में स्मार्ट मीटर के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, 3 हजार रुपये मांगने की शिकायत; CM योगी और ऊर्जा मंत्री तक पहुंचा मामला

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से परेशान एक उपभोक्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा और आजमगढ़ के चीफ इंजीनियर से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, मामला सरायमीर विद्युत सब स्टेशन बस्ती से जुड़े गांवों का बताया जा रहा है। फरीदूनपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान राजाराम का आरोप है कि उनके घर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे कर्मचारियों ने उनसे तीन हजार रुपये की मांग की।

राजाराम के मुताबिक, जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो उन्हें बिजली कनेक्शन काटने और मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। उन्होंने मीटर सुपरवाइजर नमन कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुपरवाइजर खुद को एसडीओ बताकर लोगों पर दबाव बनाता है।

कनेक्शन काटने का भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कोठिया गांव में स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर दो उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इस मामले की शिकायत चीफ इंजीनियर से भी की गई है।

मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री से कार्रवाई की मांग

पीड़ित पूर्व प्रधान राजाराम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर पहले भी उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। मुख्यमंत्री ने भी स्मार्ट मीटर और ओवरबिलिंग से जुड़ी शिकायतों की जांच के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल, आजमगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर कथित वसूली का यह मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग की जांच में क्या सामने आता है और शिकायतकर्ता को कब तक न्याय मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *