प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को फिलीपींस की राजधानी मनीला में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। एक सदी से अधिक पुराने इस गुरुद्वारे को फिलीपींस में सिख समुदाय की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और यहां पहुंचने को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, गुरुद्वारा खालसा दीवान की स्थापना वर्ष 1901 में हुई थी। इसे 1903 में औपचारिक रूप से संगठित किया गया और 1924 में खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत किया गया। यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है।
पिछले कई दशकों से यह स्थान सिख समुदाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का केंद्र रहा है। यहां धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामुदायिक सेवा और परोपकार से जुड़े कार्य भी किए जाते हैं।
पीएम मोदी ने बताया आध्यात्मिक महत्व का केंद्र
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुद्वारे को अत्यधिक आध्यात्मिक महत्व का केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई है और सेवा भावना के साथ समाज के निर्माण में योगदान दिया है।
विदेश मंत्रालय ने भी गुरुद्वारा खालसा दीवान को भारतीय-सिख समुदाय और फिलीपींस के समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताया है।
पांच मंजिला आधुनिक परिसर बनाने की योजना
पुनर्विकास परियोजना के तहत पुराने ढांचे की जगह करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाला आधुनिक पांच मंजिला परिसर तैयार करने की योजना है। इसमें पार्किंग, सामुदायिक गतिविधियों, धार्मिक कार्यक्रमों और लंगर के लिए अलग-अलग स्थान प्रस्तावित हैं।
परियोजना की अनुमानित लागत करीब 30.5 करोड़ फिलीपीन पेसो बताई गई है। इसके निर्माण में सिख और भारतीय समुदाय के योगदान से आर्थिक सहयोग मिलने की उम्मीद है। परियोजना को लगभग दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भारत-फिलीपींस के सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी मजबूती
इस कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गुरुद्वारे का पुनर्विकास केवल एक धार्मिक स्थल के आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सिख समुदाय की ऐतिहासिक विरासत और भारत-फिलीपींस के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को भी आगे बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और फिलीपींस के बीच कूटनीतिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क संबंधों को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

