उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के बाद श्रावस्ती जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया डीएम नियुक्त किया गया है। उन्होंने सोमवार देर रात जिला मुख्यालय भिनगा पहुंचकर जिले के 39वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद पुलिस बल की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
देर रात एक्शन में दिखे नवागत जिलाधिकारी
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने प्रशासनिक प्राथमिकताओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा। विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण पर जोर
नवागत डीएम ने आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात कही, ताकि लोगों की शिकायतों का प्रभावी ढंग से निस्तारण हो सके।
पहले विशेष सचिव के पद पर थे तैनात
मनोज कुमार राय इससे पहले उत्तर प्रदेश शासन में नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। वहीं, श्रावस्ती की निवर्तमान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। यह बदलाव प्रदेश में हुए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है, जिसमें कुल 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए।
नए जिलाधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद अब जिले में प्रशासनिक कामकाज, विकास योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर उनकी कार्यशैली पर नजर रहेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

