वाराणसी में छेड़खानी के आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी, पुलिस पर की फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा से छेड़खानी के आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश की। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान मैनुद्दीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है और फिलहाल मिर्जापुर जिले के चुनार इलाके में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा सोमवार को ऑटो से बीएचयू जा रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक ने कथित तौर पर छात्रा के साथ छेड़खानी की। छात्रा की शिकायत मिलने के बाद लंका थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सोमवार देर रात अस्सी नाला और रविंद्रपुरी रोड के पास आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और तत्काल उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल इस घटना के बाद वाराणसी पुलिस महकमे में भी हलचल है। एक तरफ छात्रा से छेड़खानी के मामले की जांच जारी है, तो दूसरी तरफ पुलिस हिरासत से भागने और पुलिसकर्मी पर हमले के आरोपों को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

