दीपोत्सव के जरिए बाजारों में रौनक और कारोबार बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। आबूलेन बाजार में तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न फूड के स्टालों के अलावा स्थानीय रैपर के भी तीन स्टाल रहेंगे। आयोजन की रूपरेखा जेन जेड की भावनाओं के अनुरूप तैयार की है। आयोजन वोकल फार लोकल पर आधारित होगा। अन्य प्रमुख बाजारों में भी दीपोत्सव पर भव्य सजावट की तैयारी चल रही हैं।
आबूलेन बाजार में दीपोत्सव पर सजावट की परंपरा पुरानी है, जिसे लगातार नए रूप में पेश किया जा रहा है। बीते वर्ष यहां फूड फेस्टिवल हुआ था, उसमें इस बार जेन जेड पर फोकस रहेगा। यहां सजावट के लिए लोहे के पाइपों के फाउंडेशन लगाए जा चुके हैं।
सदर बाजार व शारदा रोड पर सजावट में संशय
शारदा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा का कहना है कि हर साल शारदा रोड पर भव्य सजावट कराई जाती थी, लेकिन इस बार सीएम ग्रिड योजना में सड़क निर्माणाधीन होने के चलते सजावट कराने का अभी निर्णय नहीं लिया है। व्यापारियों से बात कर तय करेंगे। सदर बाजार व्यापार संघ के महामंत्री सुनील दुआ का कहना है कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण के चलते व्यापारियों के मन में पीड़ा है, इसलिए अभी तक बाजार में सजावट कराने का निर्णय नहीं लिया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

