IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ हारा हुआ मैच छीन लाए ये 5 ‘सूरमा’, भारत को दिलाई रिकॉर्ड जीत

4.3kViews
1397 Shares

संजू सैमसन की तूफानी पारी और नमन धीर के शानदार फिनिशिंग टच की वजह से भारतीय टीम ने 226 रनों का विशाल स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ चेज किया। भारत का टी20 इंटरनेशनल में ये सबसे बड़ा रन चेज है। कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसे भारत ने 19.4 ओवरों में हासिल कर लिया। ऐसे में आइए उन पांच हीरो के बारे में बताते हैं, जिन्होंने टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

भारतीय टीम के जीत के हीरो-
1. संजू सैमसन

न्यूजीलैंड के द्वारा दिए गए 226 रनों के लक्ष्य के जवाब में भारत को शानदार शुरुआत की जरूरत थी। सैमसन ने बिल्कुल ऐसा ही किया और उन्होंने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। संजू ने 33 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्के की मदद से 67 रनों की पारी खेली। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

2. नमन धीर

अक्षर पटेल के आउट होने के बाद नमन धीर बैटिंग के लिए मैदान पर आए। उस वक्त भारत ने 167 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया था। ऐसे में उनके ऊपर जिम्मेदारी थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। धीर ने मैच में 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और दो छक्के निकले। उन्होंने छक्का जड़कर भारत को जीत दिलाई।

3. अक्षर पटेल

ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने भी भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने गेंद के साथ एक विकेट हासिल किया। इसके बाद बल्लेबाजी में टीम इंडिया ने लगातार चार विकेट गंवा दिए थे, जहां उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 45 रनों की साझेदारी की और भारत की मैच में वापसी कराई। उन्होंने बल्ले से 24 रनों की अहम पारी खेली।

4. श्रेयस अय्यर

भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर मुकाबले को फिनिश नहीं कर सके लेकिन लगातार विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारी को संभाला। अय्यर ने 28 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली, जिससे टीम इंडिया मैच में वापसी करने में कामयाब रही।

5. अर्शदीप सिंह

भारतीय गेंदबाज मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं कर सके। गेंदबाजों को सिर्फ तीन विकेट मिले, जिसमें अर्शदीप सिंह को भी एक सफलता मिली। उन्होंने डेरिल मिशेल को 28 रनों के स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद बेवन जैकब्स को रन आउट कर कीवियों को और बड़ा स्कोर बनाने से रोका। बेवन 16 गेंदों पर 31 रन बना चुके थे और अर्शदीप ने उन्हें रन आउट कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *